ईद बॉलिवुड के नायक सलमान खान के लिए एक बार फिर शुभ साबित हुआ है। शुक्रवार को प्रदर्शित फिल्म बजरंगी भाईजान ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्मी ट्रेड ऐनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, इस फिल्म ने लोगों का दिल जीत लिया है और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफल है। फिल्म ने जहां शुक्रवार को 27.25 करोड़ की कमाई की, वहीं दूसरे दिन यानी शनिवार को ईद के दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करते हुए 36.50 करोड़ रुपये की कमाई की है फिल्म ने। इसके अलावा रविवार को इस फिल्म ने 38.75 करोड़ रुपए की जोरदार कमाई की। इस तरह पहला वीकेंड सलमान के लिए सफल रहा और कुल मिलाकर फिल्म ने करीब 103 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है।
वहीं पिछले हफ्ते कई अलग-अलग भाषाओं में रिलीज़ हुई फिल्म बाहुबली ने पहले दिन 50 करोड़ की कमाई की थी, जबकि प्रदर्शन के दूसरे ही दिन 100 करोड़ क्लब में पहुंच गई थी यह फिल्म । देश में अब तक की सबसे महंगी फिल्म (250 करोड़ रुपये के बजट) बताई जा रही बाहुबली को विश्व भर में 4000 से अधिक थियेटरों में रिलीज किया गया था। यहां बता दें कि अर्का मीडिया वर्क्स के बैनर तले निर्मित फिल्म बाहुबली को तेलुगू, हिंदी, तमिल और मलयालम भाषाओं में रिलीज़ किया गया था।
कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म बजरंगी भाईजान की काफी प्रशंसा हो रही है और इसे सलमान की अब तक की सबसे उम्दा फिल्म करार दिया जा रहा है। फिल्म जगत से मिल रही वाहवाही दर्शकों को भी सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही।
बीते हफ्ते से चारों ओर बाहुबली का शोर था, लेकिन बजरंगी भाईजान की एंट्री के साथ ऐसा लग रहा है कि इस पर भाई का भी कब्जा हो गया है। देशभर में 4500 स्क्रीन पर रिलीज हुई बजरंगी भाईजान के फैंस बाहुबली से मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि लोग सलमान को रीयल वर्ल्ड के बाहुबली के रूप में देख रहे हैं।
फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और करीना कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। सलमान खान फिल्म्स और रॉकलीन वेंकटेश के सहनिर्माण में बनी फिल्म एक ऐसे भारतीय की कहानी है, जो परिवार से बिछड़ी एक मूक-बधिर पाकिस्तानी बच्ची को उनके घर पहुंचाने का बीड़ा उठाता है और इस दौरान उस बच्ची का ख्याल रखता है। कबीर खान निर्देशित इस फिल्म को न केवल सलमान की बेहतरीन अदाकारी के लिए, बल्कि इसकी विषयवस्तु के लिए भी सराहा जा रहा है।
No comments:
Post a Comment